Jamshedpur mgm hospital : एमजीएम अस्पताल में पैथोलॉजी किट की कमी, विटामिन डी व थायराइड की रक्त जांच बंद

Aug 6, 2026 - 16:13
 0  5
Jamshedpur mgm hospital : एमजीएम अस्पताल में पैथोलॉजी किट की कमी, विटामिन डी व थायराइड की रक्त जांच बंद

जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की पैथोलॉजी में आवश्यक किट और केमिकल की कमी के कारण विटामिन डी-3, विटामिन बी-12 और थायराइड से संबंधित दो महत्वपूर्ण रक्त जांच फिलहाल बंद हो गई हैं. इससे मरीजों को मजबूरन निजी पैथोलॉजी लैब का रुख करना पड़ रहा है, जिससे विशेष रूप से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, संबंधित जांचों के लिए जरूरी किट और केमिकल का स्टॉक समाप्त हो गया है. नई आपूर्ति होने तक इन जांच सेवाओं का संचालन संभव नहीं होगा. अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इन जांचों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है. इस स्थिति को देखते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ बलराम झा ने पैथोलॉजी विभाग को उपलब्ध किट और केमिकल के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल में अधिकांश रक्त जांच मरीजों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, जबकि कई बड़े सरकारी अस्पतालों, जैसे रांची के रिम्स में भी कुछ जांचों के लिए शुल्क लिया जाता है. डॉ झा ने बताया कि सीमित संसाधनों के बीच किट और केमिकल की अधिक खपत के कारण कुछ महत्वपूर्ण जांच सेवाएं प्रभावित हुई हैं. उन्होंने विभागीय प्रभारी को निर्देश दिया है कि केवल चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर ही जांच कराई जाए और उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए. अस्पताल प्रबंधन को यह शिकायत भी मिली है कि कुछ लोग मुफ्त जांच सुविधा का अनुचित लाभ उठाने के लिए बिना चिकित्सकीय आवश्यकता के भी जांच करा लेते हैं. इससे सीमित संसाधनों पर अनावश्यक दबाव बढ़ता है और वास्तविक जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आवश्यक किट और केमिकल की खरीद प्रक्रिया जारी है. आपूर्ति मिलते ही बंद पड़ी सभी जांच सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी.

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Jharkhand News Desk Jharkhand News Desk झारखंड न्यूज़ का आधिकारिक संपादकीय विभाग है। हमारी टीम झारखंड के सभी जिलों से ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार, खेल, व्यवसाय, सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़ी खबरों का संग्रह, सत्यापन और प्रकाशन करती है। हमारा लक्ष्य तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक सबसे तेज़ और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है।