Jamshedpur ssp crime meeting : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, विभागीय पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए दिए सख्त निर्देश, 7 दिन में पासपोर्ट सत्यापन और अपराध पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को क्राइम मीटिंग की. इसमें नगर पुलिस अधीक्षक के साथ ही सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे. बैठक में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण और जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही बढ़ाने को लेकर एसएसपी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए. बैठक में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उन्हें आवंटित सरकारी मोबाइल फोन किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं रहेगा. सरकारी मोबाइल नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा ताकि आम लोग किसी भी सूचना या शिकायत के लिए सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन सात दिनों के भीतर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया, साथ ही, अनावश्यक रूप से किसी भी सत्यापन को लंबित नहीं रखने को कहा. उन्होंने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सीसीए, सर्विलांस प्रोसीडिंग, डोजियर और थाना हाजिरी की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए. दागी एवं गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की नियमित थाना हाजिरी सुनिश्चित करने तथा उन्हें भविष्य में अपराध नहीं करने की चेतावनी देने को कहा गया. महिलाओं के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों का अनुसंधान 60 दिनों के भीतर पूरा कर आरोप-पत्र दाखिल करने तथा आइआइएफ फॉर्म में प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या अवैध बालू कारोबार मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
अवैध हथियारों, चाकुओं और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. पीसीआर, टैंगो और माइक्रो पेट्रोलिंग टीमों को लगातार गश्त करने तथा बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों, ज्वेलरी दुकानों और पेट्रोल पंपों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया. महिला थाना प्रभारियों को पिंक पेट्रोलिंग के साथ स्वयं भी नियमित गश्त करने, महिलाओं के खिलाफ अपराध की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी और चेन छिनतई रोकने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0